उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 8 सितंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ मनाने का आह्वान किया। सीएम योगी ने लिखा कि, “शिक्षक वे दीपक हैं जो ज्ञान का प्रकाश फैलाकर आने वाली पीढ़ियों के लिए राह बनाते हैं। ज्ञान के विस्तार और हर व्यक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में, हम 8 सितंबर को ‘अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस’ मनाएंगे।”
जीवन मूल्यों और दायित्वबोध की शिक्षा
सीएम योगी ने आगे कहा कि, “हमारी सरकार पारंपरिक ज्ञान को आधुनिक विज्ञान, तकनीक, इनोवेशन और कौशल से जोड़ रही है। लखनऊ में AI सिटी और कानपुर में ड्रोन और UAV तकनीक का विकसित होता इकोसिस्टम, उत्तर प्रदेश के तकनीकी भविष्य में नई संभावनाओं की नींव बन रहा है हमारी प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा में गुरुकुल इसी समग्र शिक्षा के केंद्र रहे हैं, जहां ज्ञान के साथ जीवन मूल्यों और दायित्वबोध की शिक्षा भी दी जाती थी। यही भाव आज भी हमारी शिक्षा का आधार होना चाहिए। ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह जीवन को सरल बनाए और समाज के लिए उपयोगी बने।”
छात्रों और जनता से आह्वान
सीएम योगी ने छात्रों और जनता से आह्वान करते हुए कहा कि, “आइए, इस अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर हम यह संकल्प लें कि हर बच्चा स्कूल पहुंचे, हर छात्र को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, हर युवा कौशल और इनोवेशन से जुड़े, और हर नागरिक साक्षर होने के साथ-साथ डिजिटल ज्ञान और AI के प्रति भी जागरूक बने।”












