उत्तर प्रदेश की योगी सरकार स्थानीय बुनकरों की आर्थिक मजबूती के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के लगभग 2.13 लाख से अधिक बुनकरों को बड़ा लाभ मिलेगा। योगी सरकार के इस कदम के तहत अब प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में इस्तेमाल होने वाले बेडशीट, तकिया कवर और गॉज बैंडेज की खरीद स्थानीय हथकरघा उत्पादों से की जाएगी।
उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में फैसला
उत्तर प्रदेश में विधान भवन में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। खादी एवं ग्रामोद्योग, हथकरघा और वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में यह बैठक सम्पन्न हुई। इस बैठक में आपूर्ति व्यवस्था को अंतिम रूप देने पर मंथन किया गया। यह फैसला 7 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से दिए गए निर्देशों के क्रम में लिया गया है।
स्थानीय बुनकरों को मिलेगा बड़ा बाजार
योगी सरकार की इस पहल से स्थानीय बुनकरों को अपनी उपज के लिए बाजार उपलब्ध होगा, जिससे पारंपरिक व्यवसाय से नई पीढ़ी के जुड़ाव को भी प्रोत्साहन मिलेगा। इसके लिए विशेष नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे जो चिकित्सा संस्थानों और यूपी राज्य हथकरघा निगम के बीच समन्वय बनाएंगे।












