उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूती, रामनगर-दून के बीच चलेगी पहली एक्सप्रेस ट्रेन

उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रेल मंत्रालय ने एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए रेल मंत्रालय ने एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। रामनगर और देहरादून के बीच नई द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलने वाली है। जिसे रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी, जिससे कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा।

दो दिन चलेगी नई एक्सप्रेस ट्रेन
जानकारी के मुताबिक नई एक्सप्रेस ट्रेन प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से प्रस्थान कर रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी। मार्ग में ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर ठहरेगी।

किन यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ?
रेल मंत्रालय के अनुसार इस ट्रेन के संचालन से उत्तराखंड के नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून और उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिजनौर जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। छात्रों, किसानों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों के लिए आवागमन आसान होगा। साथ ही राजधानी देहरादून और हरिद्वार की यात्रा कर उसी दिन वापसी की सुविधा भी उपलब्ध होगी।

लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित चेयर कार,शयनयान, द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे। रेल मंत्रालय ने बताया कि क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग और सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों को ध्यान में रखते हुए इस नई एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन को स्वीकृति दी गई है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़