उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने के लिए राज्य की धामी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेमनगर आश्रम में मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सांस्कृतिक पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है। इसी दिशा में उत्तराखंड सरकार राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में स्थापित करने के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है।
आध्यात्मिक राजधानी का सपना होगा साकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर तथा प्राचीन मंदिरों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण की योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आध्यात्मिक राजधानी बनाने का हमारा सपना साकार हो सके।
वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध, आतंकवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारत की सनातन संस्कृति का वसुधैव कुटुम्बकम का संदेश मानवता के लिए मार्गदर्शक बनकर उभर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश में इस वर्ष उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन और यात्राओं ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में दो महीने के अंदर 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में 1.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेक हैं। कैलाश मानसरोवर यात्रा में भी 5500 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं ताकि उन्हें अपनी यात्रा के दौरान किसी समस्या से जूझना न पड़े।











