उत्तराखंड की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुवार को दिल्ली दौरे पर रहे। इस दौरान सीएम धामी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से अहम मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं में राज्य की रेल परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सीएम धामी ने रखे प्रस्ताव
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने अश्विनी वैष्णव से रेल संपर्क के विस्तार,लंबित रेल परियोजनाओं में रफ्तार लाने के साथ-साथ नई रेल सेवाएं शुरू करने पर चर्चा की। दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा के दौरान रेल मंत्री ने प्रस्तावों को लेकर गहनता से विचार-विमर्श किया और सीएम धामी को आश्वासन दिया की इस पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
रेल परियोजनाओं को लेकर अनुरोध
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने ऋषिकेश के पुराने रेलवे स्टेशन की भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित करने की बात भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। साथ ही किच्छा-सितारगंज-खटीमा नई रेल लाइन की पूरी लागत केंद्र सरकार की ओर से खर्च करने और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर जल्द रेल संचालन शुरू कराने का भी अनुरोध किया।
आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन
सीएम धामी ने चर्चा के दौरान कहा कि भारत-नेपाल सीमा से सटे इस क्षेत्र में सेना की मौजूदगी और स्थानीय लोगों की सुविधा को देखते हुए यह आवश्यक है। रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की। रेल मंत्री वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से रखे गए अन्य प्रस्तावों पर भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।











