नैनीताल में ‘राष्ट्रीय खेल दिवस’ के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खिलाड़ियों का प्रोत्साहन बढ़ाया।
“शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे”
सीएम धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “हमारी सरकार उत्तराखंड को देवभूमि और वीरभूमि के साथ ही खेलभूमि बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी संकल्प का परिणाम है कि प्रदेश में खेल अवस्थापना सुविधाओं के विकास के साथ ही खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय में हमारे खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे”।
“छात्रवृत्ति के माध्यम से प्रोत्साहन”
सीएम ने कहा कि, “हमारी सरकार खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से प्रोत्साहित करने के साथ ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नियुक्ति प्रदान कर रही है”।
विपक्ष पर भी निशाना साधा
इसके अलावा सीएम धामी ने कार्यक्रम के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। सीएम ने कहा कि, “कांग्रेस अब तुष्टिकरण की राजनीति पर उतर आई है और उसके पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है। उत्तराखंड की संस्कृति जाति, पंथ या भेदभाव की नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने की है। कांग्रेस इस मामले को जातिगत रंग देकर समाज को बांटने की कोशिश कर रही है, जिसे देवभूमि कभी स्वीकार नहीं करेगी। उत्तराखंड के लोग राष्ट्रवाद में विश्वास रखते हैं और आने वाले समय में यह निश्चित रूप से कांग्रेस की बांटने वाली सोच को करारा जवाब देगा।”











