पंजाब की नीट के परीक्षा परिणाम को पंजाब शिक्षा क्रांति की शानदार उपलब्धि बताया है। दरअसल पंजाब के सरकारी स्कूलों के 881 छात्रों ने नीट परीक्षा पास करके इतिहास रचा है। जिसे लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने परीक्षा पास करने वाले छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं दी है।
सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की जिसमें उन्होंने लिखा, “पंजाब शिक्षा क्रांति की शानदार उपलब्धि! पंजाब के सरकारी स्कूलों के 881 विद्यार्थियों ने इस साल नीट पास करके नया इतिहास रचा है। 2024 में यह संख्या 437 थी। यह सफलता शिक्षा क्रांति, अध्यापकों की मेहनत और विद्यार्थियों के समर्पण का नतीजा है। सभी सफल विद्यार्थियों, उनके माता-पिता और अध्यापकों को दिल से मुबारकबाद!”
टॉपर्स की सीएम ने की सराहना
मुख्यमंत्री ने नीट-यूजी परीक्षा में ‘ऑल इंडिया रैंक 1’ हासिल करने वाली लुधियाना के छात्र आर्यन गुप्ता को बधाई दी। भगवंत मान ने पोस्ट शेयर कर लिखा कि नीट-यूजी परीक्षा में ‘ऑल इंडिया रैंक 1’ हासिल करने पर लुधियाना के 17 वर्षीय आर्यन गुप्ता को बहुत-बहुत मुबारकबाद। परीक्षा रद्द होने की निराशा को अपनी ताकत बनाकर आर्यन ने साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के आगे कोई भी मंजिल दूर नहीं… आर्यन की यह शानदार उपलब्धि और हौसला हर नौजवान के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं…”
16 जुलाई को जारी हुआ था रिजल्ट
बता दें की NTA ने 16 जुलाई को नीट-यूजी 2026 का परिणाम घोषित किया है। पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल संयुक्त रूप से परीक्षा में 715 अंक के साथ देश में शीर्ष स्थान पर रहे। गौरतलब है कि इस साल करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी थी। इनमें से 11.21 लाख उम्मीदवारों ने सफलता हासिल की है।












