आपकी जेबों से गायब हुआ 2000 रुपए का नोट अगर अभी भी आपकी अलमारी में रखा है तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी होने वाली है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 2000 रुपए के नोट को लेकर एक बार फिर स्थिति साफ की है। 2000 रुपए का नोट अगर अभी भी आपके पास रखा हुआ है तो वो रद्दी नहीं हुआ है उसे आप जमा करवा सकते हैं या नोट को बदलवा भी सकते हैं।
2000 रुपए के नोट लीगल टेंडर
RBI ने अपने सोशल मीडिया में आधिकारिक X अकाउंट पर इस नोट को लेकर जानकारी साझा की है। RBI ने बताया की “चलने वाले ज़्यादातर 2000 रुपए के नोट पहले ही वापस आ चुके हैं, लेकिन अगर आपके पास अभी भी कोई नोट है, तो 2000 के नोट अभी भी लीगल टेंडर बने हुए हैं। आप इन्हें RBI के 19 इश्यू ऑफिस में बदल सकते हैं। आप इन्हें इंडिया पोस्ट के ज़रिए RBI के किसी भी इश्यू ऑफिस में भेजकर अपने खाते में जमा भी करवा सकते हैं”। इसके साथ ही लिखा कि RBI के साथ अपडेटेड रहें।
इश्यू ऑफिस में जमा होंगे नोट
आरबीआई ने जानकारी में बताया कि 19 मई 2023 को 2000 रुपये के नोटों को सर्कुलेशन से वापस लेने का फैसला किया गया था। उस समय बाजार में करीब 3.56 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 2000 के नोट मौजूद थे। इसके बाद से लगातार नोट बैंकिंग सिस्टम में लौटते रहे। लेकिन अभी भी आपके पास 2000 रुपए का नोट है तो इसे देशभर में स्थित RBI के 19 इश्यू ऑफिस में जाकर बदल जा सकता है। इस नोट को आप अपने बैंक खाते में जमा करवा सकते हैं।











