घर खरीदने वालों के लिए सुनहरा मौका, DDA ने निकाली खास हाउसिंग स्कीम..यहाँ जाने किसे मिलेगा योजना का फायदा?

DDA यानि दिल्ली विकास प्राधिकरण ने बड़ा तोहफा देते हुए विशेष हाउसिंग स्कीम कर्मजीवी आवास योजना 2026 की  पहल की है।

अपना घर खरीदने का सपना देखने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। DDA यानि दिल्ली विकास प्राधिकरण ने बड़ा तोहफा देते हुए खास हाउसिंग स्कीम कर्मजीवी आवास योजना 2026 की  पहल की है। इस योजना से कामकाजी पेशेवरों के लिए दिल्ली में घर खरीदना अब और आसान हो जाएगा।

DDA की कर्मजीवी आवास योजना खास
देश के निर्माण और आर्थिक विकास में लगातार अपना योगदान देने वालों के लिए DDA की कर्मजीवी आवास योजना 2026 खास होने वाली है। इस योजना का फायदा सरकारी सेवाओं में कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ-साथ कॉर्पोरेट, बिजनेस, उद्यमी और प्रोफेशनल सेक्टर से जुड़े कामकाजी पेशेवर भी उठा सकते हैं।

25 प्रतिशत की भारी छूट
इस योजना के तहत नरेला के पॉकेट-11, सेक्टर A1-A4 में स्थित 1200 से ज्यादा रेडी-टू-मूव फ्लैटों पर 25 प्रतिशत की भारी छूट दी जा रही है। इस डिस्काउंट के बाद 1 BHK फ्लैट की शुरुआती कीमत 33.40 लाख रुपए तय की गई है। 2 BHK फ्लैट की शुरुआती कीमत 75.55 लाख रुपए तय की गई है। वहीं 3 BHK फ्लैट की शुरुआती कीमत 1.065 करोड़ तय की गई है।

बेहतर कनेक्टिविटी वाला इलाका  
DDA यानि दिल्ली विकास प्राधिकरण के मुताबिक यह जगह बेहतर कनेक्टिविटी वाली है। DDA के हालिया बिक्री आंकड़ों से यह साफ जाहिर है कि नरेला सब-सिटी की कितनी लोकप्रियता है। चालू वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही में डीडीए ने कुल 1284 फ्लैट बेचे। इससे 1020 करोड़ रुपए से ज्यादा का राजस्व प्राप्त हुआ।

खरीदारों के लिए विशेष छूट
बता दें कि इस योजना में खरीदारों के लिए कई छूट और विशेष नियम दिए गए हैं। योजना के तहत दिए जा रहे सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड आधार पर हैं। अगर किसी आवेदक के पास पहले से कोई आवासीय संपत्ति है तब भी वो इस योजना में आवेदन कर सकता है। इसके अलावा डीडीए के तय मानकों के अनुसार पास-पास मौजूद दो फ्लैटों को आपस में जोड़ने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

24 जुलाई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
बता दें कि इस योजना में शामिल होने के लिए 24 जुलाई से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो रही है। वहीं, फ्लैटों की बुकिंग 15 अगस्त से होगी जो डीडीए आवास पोर्टल पर पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर खोली जाएगी। नरेला सब-सिटी के पॉकेट-11 (सेक्टर A1-A4) में यह आवासीय परियोजना स्थित है। गौरतलब है कि ये इलाका दिल्ली के तेजी से उभरते ग्रोथ कॉरिडोर में शामिल है।

यहाँ से जुटाएं ज्यादा जानकारी
इस योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पूरी बुकिंग प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके अलावा खरीदार खरीदारी से पहले सैंपल फ्लैट्स का निरीक्षण भी कर सकते हैं। जो भी इच्छुक आवेदक है इस योजना की विस्तृत जानकारी के लिए डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट www।dda।gov।in पर जा सकते हैं  या फिर डीडीए आवास पोर्टल (https://eservices।dda।org।in) से भी इसे लेकर जानकारी जुटाई जा सकती है। वहीं किसी भी तरह की सहायता के लिए डीडीए के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-110-332 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़