‘धामी के 5 साल’ बना सोशल मीडिया ट्रेंड, सरकार की उपलब्धियों की गूंज

मुख्यसेवक के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच साल पूरे होने के अवसर पर शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर ‘धामी के 5 साल’ ट्रेंड पर छा गया

उत्तराखंड की धामी सरकार के पाँच साल पूरे हो गए हैं। मुख्यसेवक के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच साल पूरे होने के अवसर पर शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर ‘धामी के 5 साल’ ट्रेंड पर छा गया। सोशल मीडिया पर धामी के पाँच साल प्रमुख चर्चा का विषय बना रहा। दिनभर बड़ी संख्या में यूजर्स ने मुख्यमंत्री के पांच वर्षीय कार्यकाल से जुड़े पोस्ट साझा किए, जिसके चलते यह हैशटैग ट्रेंडिंग सूची में शामिल रहा।
वहीं बीजेपी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ‘धामी के 5 साल’ राष्ट्रीय स्तर पर राजनीति श्रेणी में नंबर-1 ट्रेंड रहा। पार्टी ने इसे मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व और राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल के प्रति जनता के समर्थन और विश्वास का प्रतीक बताया।
सोशल मीडिया अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और अन्य उपयोगकर्ताओं ने मुख्यमंत्री धामी के कार्यकाल से जुड़े विभिन्न विषयों पर पोस्ट साझा किए। इनमें धामी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं, विकास कार्यों, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की पहल, नकल विरोधी कानून, निवेश और रोजगार सृजन, चारधाम परियोजनाओं का विस्तार, महिला सशक्तीकरण से जुड़े निर्णयों का उल्लेख किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि “सेवा, सुशासन और जनकल्याण की यह यात्रा उत्तराखंड की जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद को समर्पित है”। मुख्यमंत्री ने विकसित उत्तराखंड के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में उन्होंने ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के दूसरे चरण का भी शुभारंभ किया।
 एक्स के ट्रेंडिंग सेक्शन में ‘धामी के 5 साल’ का ट्रेंड होना मुख्यमंत्री के पांच वर्ष के कार्यकाल को लेकर सोशल मीडिया पर बढ़ी सक्रियता को दर्शाता है। वहीं इसे भाजपा द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर नंबर-1 पॉलिटिकल ट्रेंड होने का दावा किया गया है।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़