प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज़्बेकिस्तान के सर्वोच्च राजकीय सम्मान ‘ओली दराजली दोस्तलिक’ (Oliy Darajali Do‘stlik) से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री मोदी को उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने यह सम्मान प्रदान किया। पीएम मोदी ने इस सम्मान के लिए उज्बेकिस्तान की सरकार और राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव का आभार जताया। सम्मान प्राप्त करने के बाद पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, यह अवॉर्ड सिर्फ उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। पीएम मोदी ने कहा कि उज्बेकिस्तान और भारत के रिश्तों की असली पहचान ‘दोस्तलिक’ यानी मित्रता है। उन्होंने दोनों देशों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती और साझा विरासत का भी जिक्र किया।
सीएम रेखा गुप्ता ने दी बधाई
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि, “यह भारत और हर भारतीय के लिए बेहद गर्व का क्षण है। इस सम्मान में 140 करोड़ भारतीयों का गौरव समाहित है। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दुनिया भर में भारत के प्रति गहरे सम्मान, विश्वास और प्रशंसा के साथ-साथ भारत-उज़्बेकिस्तान की मित्रता की अटूट आत्मीयता को भी दर्शाता है।”
सीएम योगी ने दी सम्मान के लिए बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी को इस सम्मान के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि, “यह प्रतिष्ठित सम्मान आपके दूरदर्शी नेतृत्व और भारत तथा उज़्बेकिस्तान के बीच दोस्ती और रणनीतिक साझेदारी के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करने की आपकी अटूट कोशिशों को दर्शाता है। यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है और वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ की बढ़ती प्रतिष्ठा की एक और पहचान है। भारत की वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री मोदी की निरंतर सफलता की कामना करता हूँ।”
सीएम धामी ने दी बधाई
वहीं उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में, भारत आत्मविश्वास के साथ अपनी प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक मूल्यों को दुनिया के सामने प्रस्तुत कर रहा है और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना के साथ मानवता, शांति, सहयोग और समानता का संदेश दे रहा है।”












