उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतापगढ़ को करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री योगी ने राजकीय इंटर कॉलेज में प्रतापगढ़ और विश्वनाथ गंज विधानसभा क्षेत्रों के लिए 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत की इन परियोजनाओं से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
विधायकों की जमकर सराहना
सीएम योगी आदित्यनाथ ने विधायकों के कार्यों की जमकर सराहना की। सरकार के विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए विधायकों की तारीफ करते हुए कहा कि “2017 के पहले यहां मेडिकल कॉलेज कल्पना थी, लेकिन अब डॉ. सोनेलाल पटेल के नाम पर मेडिकल कॉलेज है। आज नर्सिंग कॉलेज का शिलान्यास हो रहा है, बेटियां इस मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग की पढ़ाई करेंगी”।
विपक्ष पर सीएम के कटाक्ष
जनता को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष को जमकर घेरा। सीएम ने कहा कि “आपने सपा और कांग्रेस समेत अन्य दलों के दलदल को देखा है। जिन्होंने युवाओं और नागरिकों के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था। चुनाव आते ही वे फिर से साजिशें कर रहे हैं। विपक्ष फिर से जातीय आधार पर समाज का ताना-बाना छिन्न-भिन्न करना चाहता है”।
2017 के बाद बदली तस्वीर
सीएम योगी ने कहा कि, 2014 के पहले देश और 2017 के पहले प्रदेश में प्रोत्साहन का अभाव था, जिससे गरीब हताश और निराश था। नौजवान पलायन करने के लिए मजबूर थे। किसान आत्महत्या के लिए विवश था। बेटी-बहन प्रदेश में असुरक्षित थीं। लेकिन अब प्रदेश में सब बदल चुका है हर क्षेत्र में विकास की धार बह रही है।











