उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘ग्रेस हिंदुस्तान 2.0 उत्तराखंड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन में शिरकत की। यह सम्मेलन इंटरनेशनल कन्वेंशन ऑफ इवेंट इंडस्ट्रीज की ओर से आयोजित किया गया।
‘वेड इन उत्तराखंड’ परिकल्पना होगी साकार
सीएम धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वेड इन उत्तराखंड’ परिकल्पना को साकार करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। त्रियुगीनारायण सहित अनेक स्थलों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा तो मिल ही रहा है। साथ ही रोजगार के भी अवसर पैदा होंगे।
रोजगार के अवसर होंगे उपलब्ध
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार त्रियुगीनारायण, ओंकारेश्वर (ऊखीमठ), रामनगर, टिहरी, मसूरी सहित अन्य स्थलों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। वेडिंग टूरिज्म से होटल उद्योग के अलावा स्थानीय कारीगरों, लोक कलाकारों, होमस्टे संचालकों, टैक्सी चालकों के साथ-साथ छोटे कारोबारियों को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
कई परियोजनाओं पर तेजी से कार्य
मुख्यमंत्री धामी ने कहा की केदारखंड और मानसखंड मंदिर क्षेत्रों के विकास, हरिद्वार- ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बेहतर कानून-व्यवस्था, सुशासन और निवेश अनुकूल नीतियों के कारण निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। सड़क, रेल, रोपवे और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।











