केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्यप्रदेश के अशोकनगर में युवाओं के लिए बड़ी घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री ने ऐलान किया कि जिले में 2 हजार 592 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। जिसमें करीब 20,000 से 25,000 रुपये हर महीने युवाओं को वेतन मिलेगा। कॉल सेंटर परियोजना का विस्तार करके युवाओं के नौकरी के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके दूसरे चरण में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से 2,000 सीटों वाला अत्याधुनिक कॉल सेंटर स्थापित किया जाएगा।
‘लखपति युवा’ मॉडल को रफ्तार
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अशोकनगर में यह कॉल सेंटर विकसित हो रहा है जो प्रदेश में ‘लखपति युवा’ मॉडल को रफ्तार देगा और स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिल पाएगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ रोजगार सृजन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अशोकनगर की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने का काम करेगी।
विकास योजनाओं में रोजगार को प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया की अशोकनगर के लिए प्रस्तावित करीब 5,000 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं में रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसी दिशा में कॉल सेंटर परियोजना मील का पत्थर साबित होगी।
निर्माणाधीन बीजेपी कार्यालय का निरीक्षण
अशोकनगर दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने निर्माणाधीन बीजेपी जिला कार्यालय का भी निरीक्षण किया और इसे अधिक आधुनिक, सुविधाजनक तथा भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने संबधित अधिकारियों को निर्देश दिए की इसका कार्य समय पर पूरा किया जाए और इसकी गुणवत्ता से किसी तरह का खिलवाड़ न किया जाए। उन्होंने कहा की यह सिर्फ बीजेपी का जिला मुख्यालय नहीं, बल्कि संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क का सशक्त केंद्र भी बनेगा।












