उत्तर प्रदेश की योगी सरकार खेती की उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में निरंतर कदम उठा रही है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में MoU साइन किया गया। लखनऊ में विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित UP-AGREES (उत्तर प्रदेश एग्रीकल्चर ग्रोथ एंड रूरल एंटरप्राइज इकोसिस्टम स्ट्रेंथनिंग) परियोजना के तहत UPDASP, Google, Network for Humanity, ITC और Aquabridge के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। जिसका मकसद पूर्वी उत्तर प्रदेश के 21 ज़िलों और बुंदेलखंड के 7 ज़िलों में खेती की उत्पादकता बढ़ाने और अन्नदाता किसानों की आय में वृद्धि करना है।
किसानों की आय बढ़ाने में मदद
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि, “ये MoU हमारे अन्नदाता किसानों की आय बढ़ाने, खेती की उत्पादकता को नई गति देने और उत्तर प्रदेश में कृषि के भविष्य को नई दिशा देने के हमारे दृढ़ संकल्प को मजबूती से दर्शाते हैं”।
कृषि-अर्थव्यवस्था में सशक्त भागीदारी
सीएम योगी ने किसानों को बधाई देते हुए कहा कि, “अब उत्तर प्रदेश का किसान केवल अनाज उत्पादक तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि गुणवत्ता, ट्रेसेबिलिटी और निर्यात मानकों से जुड़ी आधुनिक कृषि-अर्थव्यवस्था में एक सशक्त भागीदार बनेगा”। सीएम ने कहा कि इससे न सिर्फ कृषि उत्पादकता को बढ़ावा मिलेगा साथ ही किसानों की आय में वृद्धि भी होगी।












