मध्य प्रदेश के जबलपुर की व्हीकल फैक्ट्री में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में 472 करोड़ के T-72 टैंक ओवरहॉल प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी गई। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मौजूद रहे। इस प्रोजेक्ट के तहत हर साल 80 टैंकों का ओवरहॉल (मरम्मत और नवीनीकरण) किया जाएगा, जिससे भारतीय सेना की क्षमता और तैयारी और मजबूत होगी।
रक्षा क्षेत्र में लगातार नई सौगातें
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व में, भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और आधुनिकीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा मंत्री के माध्यम से मध्य प्रदेश को रक्षा क्षेत्र में लगातार नई सौगातें मिल रही हैं। भोपाल में महत्वपूर्ण BEML प्रोजेक्ट और राज्य में वंदे भारत सहित विभिन्न कोचों का निर्माण औद्योगिक विकास को नई गति देगा”।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “जबलपुर की व्हीकल फैक्ट्री में T-72 और T-90 टैंकों के ओवरहॉल के लिए एक रणनीतिक सुविधा शुरू होने से हमारी सैन्य ताकत और बढ़ेगी। यह प्रोजेक्ट ना सिर्फ रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा, बल्कि जबलपुर में रोज़गार, निवेश और स्थानीय उद्योगों के लिए नए अवसर भी पैदा करेगा”।












