जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ब्रिक्स के सहयोग से ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के विशेष राष्ट्रीय खेल दिवस संस्करण आयोजित किया गया। इस दौरान केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, पहलवान संग्राम सिंह और अभिनेत्री मधुरिमा तुली ने प्रतिभागियों का नेतृत्व किया। बता दें कि देश भर में 25,000 से अधिक स्थानों पर इसका आयोजन एक साथ किया गया।
18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी
केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने इस अवसर पर कहा कि ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 88वें संस्करण का विशेष महत्व है। मंत्री ने कहा कि “भारत 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।”
साइकिल चलाने के तीन गुना लाभ
केन्द्रीय मंत्री ने कहा, “इस सप्ताह का कार्यक्रम ब्रिक्स के उन सम्मानित गणमान्य व्यक्तियों और सदस्यों को समर्पित है जो 12 और 13 तारीख को शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। आज उनका स्वागत करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है।” इसके अलावा डॉ. मंडाविया ने साइकिल चलाने के तीन गुना लाभों – फिटनेस, प्रदूषण में कमी और यातायात की भीड़ को कम करने के बारे में बताया।
साइकिल चलाने का जुनून देशभर में बढ़ा
डॉ. मंडाविया ने कहा कि, देश भर में‘संडेज़ ऑन साइकिल’ का 88वां संस्करण शुरू हो चुका है। साइकिल चलाने का जुनून देशभर में बढ़ रहा है और ‘संडेज़ ऑन साइकिल’ धीरे-धीरे लोगों के बीच एक जुनून बनता जा रहा है।











