असम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत हजारों महिलाओं को लाभ मिल रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने योजना के तहत महिलाओं को मिले लाभ की जानकारी दी है। सीएम ने कहा कि उनकी सरकार के पहले 100 दिनों में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 78,000 से अधिक गर्भवती महिलाओं और माताओं को योजना का लाभ दिया गया है। इस योजना के तहत उन्हें 23 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने पोस्ट किया शेयर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य सरकार गर्भावस्था और प्रसव के बाद महिलाओं और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस योजना के तहत महिलाओं को मिल रही सहायता से शुरुआती दौर में आर्थिक संबल प्रदान किया गया हैं। इसके साथ ही सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि असम सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर काम कर रही है कि गर्भवती महिलाएं अपनी और अपने नवजात शिशु की बेहतर देखभाल कर सकें। उन्होंने बताया कि सरकार के पहले 100 दिनों में पीएम मातृ वंदना योजना के तहत 23 करोड़ रुपये से अधिक की राशि लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी गई।
आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को सहायता
बता दें कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना केंद्र प्रायोजित मातृत्व लाभ योजना है। यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की पात्र महिलाओं को गर्भावस्था और मातृत्व के शुरुआती चरण में आर्थिक रूप से मजबूत करती है। अधिकारियों का कहना है कि योजना के तहत पात्र महिलाओं का पंजीकरण सुनिश्चित कर लाभ की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है।











