केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल मध्य प्रदेश के दौरे पर रहे। जहाँ केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इंदौर मेट्रो प्रायोरिटी कॉरिडोर-2 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मौजूद रहे। इसके अलावा आवासन और शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी मौजूद थे।
16 चालू स्टेशन शामिल
बता दें कि हाल ही में शुरू हुए लगभग 11 किलोमीटर लंबे और 11 स्टेशनों वाले फेज-I (रीच-II) को सुपर कॉरिडोर-3 से मालवीय नगर चौराहा तक बनाया गया है। जिसकी लागत करीब 2,850 करोड़ रुपए है। इस विस्तार के साथ, कुल 4,370 करोड़ परियोजना लागत वाले इंदौर मेट्रो नेटवर्क में अब लगभग 17 किलोमीटर के दायरे में 16 चालू स्टेशन शामिल हो गए हैं।
आरामदायक और भरोसेमंद साधन
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि मेट्रो नागरिकों को परिवहन का तेज, सुरक्षित, आरामदायक और भरोसेमंद साधन देगी और साथ ही रिहायशी, व्यावसायिक और रोजगार केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी को मज़बूत करेगी। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि मेट्रो रेल सिर्फ एक परिवहन परियोजना नहीं है, बल्कि आर्थिक विकास, शहरी बदलाव और सामाजिक समावेश का एक अहम जरिया भी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन के ज्यादा इस्तेमाल से ट्रैफिक जाम, ईंधन की खपत और प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलेगी।












