मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुबई में मध्य प्रदेश के ODOP (एक ज़िला एक उत्पाद) और GI उत्पादों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में मध्य प्रदेश के 6 विशिष्ट विरासत उत्पादों को प्रदर्शित किया है। बता दें कि इन उत्पादों को अगले 7 दिनों तक दुनिया भर से आने वाले लोग देख सकेंगे। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य सिर्फ मध्यप्रदेश की कला और शिल्प को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना नहीं है, बल्कि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को वैश्विक बाजार से जोड़ना भी है।
वैश्विक स्तर पर आकर्षक बने उत्पाद
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “इस प्रदर्शनी के ज़रिए मध्य प्रदेश की हस्तशिल्प, हथकरघा और पारंपरिक कलाओं की समृद्ध विरासत को वैश्विक मंच पर पेश करने का मौका मिला है। राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों की अनूठी पहचान और पारंपरिक कौशल से जुड़े उत्पाद वैश्विक स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।”
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 का निमंत्रण
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, “हमारी सरकार मध्य प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाज़ार से जोड़ने और कारीगरों को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। इसके साथ ही सीएम मोहन यादव ने अरब देशों के संसदीय नेतृत्व और व्यापारिक प्रतिनिधियों को ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 में शामिल होने का भी निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के लिए तेजी से उभरता हुआ राज्य है। इसके माध्यम से पश्चिम एशिया और अफ्रीका के देशों के साथ आर्थिक सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद है.











