देहरादून में मुख्य सेवक सदन में कुसुम कांता फाउंडेशन एवं मंथन वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से ‘ज्ञान गंगा सम्मान समारोह एवं छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम’का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने मेधावी छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने के साथ ही शिक्षकों को सम्मानित किया।
बच्चों के सपनों को नई उड़ान
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, स्व. कुसुम कांता का जीवन संगीत, साहित्य और शिक्षा के प्रति समर्पित रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समारोह सिर्फ सम्मान और छात्रवृत्ति वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को पहचान देने, शिक्षा को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का सराहनीय प्रयास है। राज्य सरकार का फोकस किसी बच्चे की शिक्षा में सहयोग कर सिर्फ उसकी आर्थिक सहायता करना ही नहीं, बल्कि उसके सपनों को पूरा करने में सहभागी भी बनना है।
शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया बनी पारदर्शी
सीएम धामी ने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में हमारी सरकार भी प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक, व्यावहारिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के साथ ही शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।” सीएम धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विद्यार्थी अपने ज्ञान, प्रतिभा, मेहनत और अच्छे संस्कारों के बल पर उत्तराखंड और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।











