‘कृषक कल्याण वर्ष-2026’ के तहत टीकमगढ़ में ‘बलराम कृषि महोत्सव’ आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल से वर्चुअली जुड़कर टीकमगढ़ में आयोजित ‘बलराम कृषि महोत्सव’ में हिस्सा लिया। इस दौराम सीएम मोहन यादव ने किसानों और जन-प्रतिनिधियों से संवाद किया।
सरकार का लक्ष्य खेती को आधुनिक बनाना
बलराम कृषि महोत्सव को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने भोपाल स्थित समत्व भवन से किसानों से जुड़ते हुए प्रदेश में कृषि विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य खेती को आधुनिक और अधिक लाभकारी बनाना है। इस दौरान किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं और कृषि क्षेत्र के सतत विकास पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
किसानों की खुशहाली से ही देश समृद्ध
सीएम मोहन यादव ने कहा कि, “किसानों की खुशहाली से ही देश समृद्ध हो सकता है। मध्य प्रदेश सरकार किसानों को सभी ज़रूरी सुविधाएँ देकर उनकी खुशहाली बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है कि टीकमगढ़ के किसान भी खेती से ज़्यादा लाभ पाने के लिए प्राकृतिक खेती, बागवानी, पॉलीहाउस और मधुमक्खी पालन जैसी नई तकनीकों को अपनाएँ।”











