उत्तराखंड में सेवा संकल्प अभियान के तहत‘सेवा सेतु, सरकार आपके द्वार’ शिविर आयोजित किए जाएंगे। 25 सितंबर से सात अक्टूबर 2026 तक यह शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रदेश के सभी जिलों में ब्लॉक और तहसील स्तर पर यह शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
शिविरों की तैयारियों को लेकर समीक्षा
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में सचिवालय में अहम बैठक हुई। इस दौरान शिविरों की तैयारियों को लेकर समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि शिविरों में स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे। विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल और प्रदर्शनी के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों का चयन कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।
मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की मौजूदगी में मेडिकल कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्री प्रोटेक्शन एक्ट और मानव-वन्यजीव संघर्ष के संबंध में लोगों को जागरूक करने को कहा। जिलाधिकारियों को शिविर की तिथि, स्थल, नोडल अधिकारी, योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों सहित विस्तृत कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।












