प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर काशी और गुजरात के वडनगर से सेवा संकल्प बाइक यात्रा का शुभारंभ किया गया था। जिसका समापन 7 अक्टूबर को होगा। बता दें कि वडनगर से काशी पहुंचने वाले सेवा यात्रियों का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह स्वागत करेंगे। यात्रा में शामिल युवा गुजरात की नदियों का जल लेकर आएंगे, जिससे बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां की शुरू
इस कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के साथ भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी और प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा भी मौजूद रहेंगे। भाजपा की क्षेत्रीय इकाई के अनुसार, एनडीए के एक अन्य वरिष्ठ नेता को भी कार्यक्रम में आमंत्रित करने पर विचार चल रहा है। जल्द ही उनके नाम पर फैसला लिया जाएगा।
यात्रा का होगा भव्य स्वागत
बता दें कि वडनगर से आने वाले सेवा यात्रियों के वाराणसी जिले में प्रवेश करते ही स्वागत शुरू हो जाएगा। विभिन्न स्थानों पर स्वागत के बाद यह यात्रा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। इसके लिए स्वागत स्थल निर्धारित किए जा रहे हैं। प्रत्येक स्वागत स्थल पर राज्यमंत्री और विधायकों की तैनाती की जाएगी। स्वागत कार्यक्रम की अगुवाई राज्य के मंत्री और विधायक करेंगे।
17 सितंबर को रवाना हुई थीं यात्राएं
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को काशी और वडनगर से एक साथ सेवा संकल्प बाइक यात्राएं रवाना की गई थीं। काशी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 250 बाइक पर सवार 500 युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।












