दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत, तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ‘एक शाम दिव्यांगजन के नाम’ कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान दिव्यांगजनों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा से देश का मान बढ़ाया है।
दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को नई दिशा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “दिव्यांगजन उस क्षमता का नाम हैं जो चुनौतियों से अपनी पहचान नहीं बनाते, बल्कि अपने संकल्प और उपलब्धियों से एक नई पहचान गढ़ते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस क्षमता को सम्मान, अवसरों और आत्मनिर्भरता से जोड़कर दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को एक नई दिशा दी है।”
हर सुविधा आसानी से पहुंचाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, “चाहे खेल हो, शिक्षा हो या कौशल, आपकी उपलब्धियां सिर्फ व्यक्तिगत सफलताएं नहीं हैं वे पूरे समाज का आत्मविश्वास बढ़ाती हैं। हमारा सेवा संकल्प है कि दिल्ली में हर दिव्यांगजन को सम्मान के साथ अवसर मिलें, शिक्षा और कौशल से उनकी क्षमताएं बढ़ें, रोजगार से आत्मनिर्भरता आए और शहर की हर सुविधा उन तक आसानी से पहुंच सके।” कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज, कैबिनेट मंत्री रवींद्र इंद्रराज और विधायक अनिल गोयल भी उपस्थित रहे।












