दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत हैदरपुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में निशुल्क मेगा स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया। जिसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने बड़ी घोषणा भी की। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के हैदरपुर इलाके में झुग्गियों में रहने वाले परिवारों के लिए सरकार पक्के मकान बनाएगी।
दो चरणों में पक्के आवासों का निर्माण
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने झुग्गीवासियों से संवाद भी किया। सीएम ने कहा कि पक्के आवासों का निर्माण दो चरणों में होगा। जिसके तहत पहले चरण में हैदरपुर क्षेत्र के एयू ब्लॉक और एओ ब्लॉक की झुग्गीवासियों के लिए आवास निर्माण के टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इन क्षेत्रों के आसपास जल्द ही स्थान चिह्नित कर लिए जाएंगे और जल्द ही आवास निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा।
लोगों के जीवन को बेहतर बनाना उद्देश्य
इसके अलावा दूसरे चरण में आयुर्वेदिक अस्पताल क्षेत्र की झुग्गिवासियों के लिए पक्के आशियाने बनाए जाएंगे। इसके लिए आसपास जमीन की तलाश की जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के लिए क्षेत्र की एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। क्योंकि सरकार का मकसद किसी को हटाना नहीं, बल्कि लोगों के जीवन को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नए शौचालय, साफ पानी के लिए वाटर एटीएम, अटल कैंटीन, नई सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।












