SIR यानि ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बड़ा संदेश दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम ने पोस्ट शेयर किया। जिसमें लिखा कि
“लोकतंत्र को मज़बूत करने के लिए यह ज़रूरी है कि वोटर लिस्ट भी अप-टू-डेट, पारदर्शी और भरोसेमंद हो। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाया जा रहा ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें वोटर लिस्ट का सत्यापन किया जा रहा है।”
‘भ्रम या अफ़वाहों पर ध्यान न दें’
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि, “SIR को लेकर किसी भी तरह के भ्रम या अफ़वाहों पर ध्यान न दें। फ़ॉर्म 6 और घोषणा-पत्र सहित पूरी प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित की गई है। सही जानकारी के लिए, केवल निर्वाचन आयोग की आधिकारिक जानकारी और निर्धारित प्रक्रिया पर ही भरोसा करें।”
युवाओं से सीएम की अपील
सीएम मोहन यादव ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि “जिन्होंने 18 साल की उम्र पूरी कर ली है, कि वे वोटर लिस्ट में अपना नाम ज़रूर दर्ज कराएँ और हर नागरिक को भी अपना नाम सत्यापित करना चाहिए। आइए, अपनी ज़िम्मेदारी निभाएँ और एक भरोसेमंद वोटर लिस्ट बनाने में योगदान दें।”











