हरिद्वार में सातवां ‘इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026’आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने उद्यमियों के एक बड़े समूह को संबोधित किया और साथ ही विभिन्न कंपनियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का भी अवलोकन किया।
निवेश को बढ़ावा देने पर जोर
सीएम धामी ने कहा कि, “राज्य सरकार उत्तराखंड में निवेश को बढ़ावा देने और MSME सेक्टर को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। हमारी कोशिश है कि उद्यमियों को आसान प्रक्रियाएं, बेहतर सुविधाएं और अनुकूल माहौल मिले, ताकि राज्य में नए उद्योग स्थापित हों, स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंच मिले और हमारे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों।”
निवेश और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “उत्तराखण्ड आज निवेश और उद्यमिता के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश की नीतियों, प्राकृतिक संसाधनों और स्किल्ड ह्यूमन रिसोर्स के साथ हम उत्तराखण्ड को उद्योगों के लिए एक भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्य बनाने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।”
‘राज्य में अभूतपूर्व निवेश आकर्षित’
इसके साथ ही सीएम ने कहा, “हमने उत्तराखंड में अभूतपूर्व निवेश आकर्षित किया है, जिससे यह साबित होता है कि मजबूत इच्छाशक्ति और स्पष्ट नीतियों के साथ, पहाड़ी इलाकों की चुनौतियों को भी विकास के अवसरों में बदला जा सकता है।”












