दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर की। जिसमें उन्होंने लिखा कि “राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का महिलाओं के प्रति बुरा रवैया एक बार फिर देश के सामने आ गया है।”
कांग्रेस को जनता देगी जवाब
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “एक विरोध प्रदर्शन की कवरेज के दौरान तीन महीने की गर्भवती महिला पत्रकार ऋचा पाराशर के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना बेहद निंदनीय है। ऋचा के साथ हुई इस घटना से कांग्रेस के कथनी और करनी का अंतर साफ पता चलता है। देश राहुल गांधी और कांग्रेस के महिलाओं के प्रति तथाकथित सम्मान को देख रहा है। जनता इसका जवाब देगी और उन्हें जवाबदेह ठहराएगी।”
कांग्रेस सांसद के मामले पर चुप्पी क्यूं?
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “JNU में 11 लड़कियों के यौन शोषण के आरोपी कांग्रेस सांसद के मामले पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने चुप्पी साधे रखी है। “मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं” जैसे चुनावी नारे लगाने वाली राजनीतिक पार्टियों का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। जब महिलाएं सवाल पूछने जाती हैं, तो उनके साथ बदतमीजी और भद्दी गालियों का इस्तेमाल किया जाता है। अपनी ड्यूटी कर रही एक गर्भवती महिला पत्रकार के साथ हुई हिंसा की जितनी भी निंदा की जाए, कम है।”












