कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पर दिए गए बयान की भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी निंदा की है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी के इस बयान को बेहद निंदनीय बताया है।
कांग्रेस की राजनीतिक सोच पर गंभीर सवाल
सीएम धामी ने कहा कि, “यह बेहद निंदनीय है कि राहुल गांधी बार-बार उत्तराखंड के सपूत, देश के गौरव और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को निशाना बनाते हैं। जिस व्यक्ति ने अपना जीवन देश की सुरक्षा और रणनीतिक हितों के लिए समर्पित कर दिया हो, उनके प्रति ऐसी भाषा का इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है।”
उत्तराखंड के कांग्रेस नेताओं से सवाल
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के कांग्रेस नेताओं से सवाल खड़ा करते हुए कहा कि, “अजीत डोभाल के खिलाफ राहुल गांधी की लगातार अपमानजनक टिप्पणियों पर वे चुप क्यों हैं? क्या उनमें अपने शीर्ष नेतृत्व से सवाल पूछने की हिम्मत नहीं है, या फिर राजनीतिक स्वार्थ के कारण वे देवभूमि के गौरव के अपमान पर भी चुप रहना चाहते हैं? देवभूमि उत्तराखंड अपने सपूतों के सम्मान से कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगी।”












