केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब की भगवंत मान सरकार को आड़े हाथ लिया। केन्द्रीय मंत्री अमित शाह ने पंजाब सरकार से सवाल उठाते हुए कहा कि, “पंजाब आज नशे, गैंगस्टरवाद व संगठित अपराध के बढ़ते खतरे से जूझ रहा है। भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?”
गृह मंत्रालय मांगेगा जवाब
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा कि, “दिरबा में एक पिता का दबाव में जहर खा लेना और मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े हत्या ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परविंदर के पिता ने AAP सरकार और उनके विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गृह मंत्रालय भी इन दोनों घटनाओं पर पंजाब सरकार से जवाब माँगेगा।”
अमित शाह ने संकल्प दोहराया
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संकल्प दोहराते हुए कहा कि, “पंजाब में हमारी सरकार बनने पर हम नशामुक्त, गैंगस्टरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। हमारा लक्ष्य स्पष्ट है – नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साये में जीने को मजबूर न हो।”











