मध्य प्रदेश में होमगार्ड यानी नगर सेना के हजारों रिक्त पदों को भरने की तैयारी में जुटी हुई है। बता दें कि करीब 18 साल बाद नियमित भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।ऐसे में सूत्रों के मुताबिक ESB यानि कर्मचारी चयन मंडल इसी महीने भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ा सकता है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 5,020 पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं। इनमें सामान्य ड्यूटी के 4,532 पद और उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर की सुरक्षा के लिए 488 पद शामिल हैं।
भर्ती की खास बात
खास बात यह है कि इस बार भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। राज्य में अब तक होमगार्ड की भर्ती जिला स्तर पर रिक्त पदों के आधार पर होती थी। लेकिन अब पहली बार पूरे प्रदेश के लिए एक साथ भर्ती की तैयारी है।
2008 के बाद नियमित भर्ती नहीं हुई
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में होमगार्ड को डाइंग कैडर घोषित किए जाने के कारण साल 2008 के बाद नियमित भर्ती नहीं हुई। हालांकि, साल 2016 में उज्जैन सिंहस्थ के दौरान करीब 2,600 जवानों की अस्थायी भर्ती की गई थी। बाद में इन जवानों को नियमित सेवा में शामिल कर लिया गया।












