दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ‘दुर्गा’ योजना शुरू करने जा रही है। सरकार की इस योजना का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना है। जिससे महिलायें ना सिर्फ आत्मनिर्भर बनेगी इसके साथ ही महिलाओं की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
कुल 1,300 इलेक्ट्रिक ऑटो परमिट
दिल्ली सरकार की इस पहल के तहत राजधानी के 13 जिलों में महिलाओं और ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को कुल 1,300 इलेक्ट्रिक ऑटो परमिट दिए जाएंगे। बता दें कि दिल्ली सरकार ने हर जिले के लिए 100 परमिट निर्धारित किए हैं। वहीं अब इस योजना से संबंधित प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
कितनी प्रतिशत सीटें आरक्षित?
बता दें कि इस योजना के तहत कुल 1,300 ई-ऑटो परमिट होंगे। जिसमें से 90 प्रतिशत महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। वहीं शेष 10 प्रतिशत ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए आरक्षित रहेंगे। चयनित लाभार्थियों को वाहन खरीदने के लिए लेटर ऑफ इंटेंट जारी किए जाएंगे। इस योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन के लिए एक समर्पित पोर्टल विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा आवेदकों की संख्या अधिक होने पर आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
योजना के तहत आवेदन के नियम
इस योजना के लिए आवेदन करने के लिए सरकार की ओर से कुछ शर्तें भी निर्धारित है। इस योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 20 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही वार्षिक पारिवारिक आय 5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक के पास पहले से कोई तीन-पहिया वाहन पंजीकृत नहीं होना चाहिए। वहीं एक परिवार से सिर्फ एक ही व्यक्ति पात्र होगा।











