केंद्र सरकार ने रोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए बड़ा फैसला किया है। सरकार प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई (पीएम-सेतु) योजना का देशभर में विस्तार करने की तैयारी में है। इसके तहत ओडिशा, गुजरात और तेलंगाना में औद्योगिक साझेदारी आधारित आईटीआई उन्नयन के लिए कुल 1,237.58 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजनाओं को मंजूरी दी गई है।
200 चिह्नित आईटीआई क्लस्टरों में लागू
केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। पीएम-सेतु की चौथी राष्ट्रीय संचालन समिति (एनएससी) की बैठक में यह अहम निर्णय लिया गया। समिति ने पीएम-सेतु को पायलट चरण से आगे बढ़ाते हुए देशभर के 200 चिह्नित आईटीआई क्लस्टरों में लागू करने की मंजूरी दी। साथ ही योजना के क्रियान्वयन को आसान बनाने, उद्योगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ-साथ संस्थागत सहयोग को मजबूत करने के उपायों को भी मंजूरी दी गई।
करोड़ों की निवेश योजनाओं को मंजूरी
बता दें कि बैठक में ओडिशा के लिए 240.21 करोड़ रुपये की निवेश योजना को मंजूरी दी गई। गुजरात में 240.18 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव को मंजूरी मिली। वहीं न्यूलैंड फाउंडेशन 240.94 करोड़ रुपये के निवेश के साथ एंकर उद्योग साझेदार की भूमिका निभाएगा।
युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ेगी
पीएम-सेतु केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं में से एक है, जिसका उद्देश्य उद्योगों की भागीदारी के माध्यम से आईटीआई प्रणाली का आधुनिकीकरण करना है। साथ ही भविष्य की जरूरतों के अनुसार युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना है।











