प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी तीन देशों की यात्रा के दौरान जकार्ता में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो के साथ द्विपक्षीय बातचीत की। यह वार्ता वैश्विक और बहुपक्षीय हितों को लेकर हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने अपने विचारों का आदान-प्रदान किया, साथ ही शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
दोनों देशों में रणनीतिक साझेदारी
दोनों नेताओं की वार्ता के बाद विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी, “दोनों नेताओं ने भारत-इंडोनेशिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पूरे दायरे की समीक्षा की, जिसमें व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, समुद्री सहयोग, ऊर्जा, स्वास्थ्य सुविधा और फार्मा, स्पेस, जरूरी मिनरल्स और रेयर अर्थ्स, संस्कृति, पर्यटन और लोगों के बीच बातचीत शामिल है।”
द्विपक्षीय सहयोग होगा मजबूत
विदेश मंत्रालय ने बताया कि “दोनों नेताओं ने वैश्विक और बहुपक्षीय हितों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और हिंद-प्रशांत में शांति और खुशहाली के लिए अपने साझा प्रतिबद्धता की फिर से पुष्टि की।” दोनों पक्षों के बीच कई द्विपक्षीय दस्तावेजों का आदान-प्रदान भी हुआ, जिसमें समुद्री सुरक्षा, स्पेस सहयोग, रक्षा, स्टील सप्लाई चेन, रेयर अर्थ्स, स्वास्थ्य, कृषि और विज्ञान और तकनीक आदि शामिल हैं। ये समझौते खास क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में काम करेंगे। साथ ही रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने में मदद करेंगे।











