उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को नई पहचान देने में जुटी है। जिसके बाद अब उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक तस्वीर बदलती हुई नजर आ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य के जिलों में संस्कृति विभाग की कई परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक अलग-अलग जिलों में करीब 119.47 करोड़ रुपये की लागत वाली 21 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को पूरा किया जा चुका है। जिससे विकास की रफ्तार भी और तेज हो गई है।
21 परियोजनाओं से सांस्कृतिक पहचान को मजबूती
बता दें की इन 21 परियोजनाओं में रामलीला स्थलों का विकास, सांस्कृतिक केंद्र, स्मारक, संग्रहालय, संगीत महाविद्यालय और नाट्य संस्थानों के आधुनिकीकरण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं, जो प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती दे रही है। इससे राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को मजबूती मिली है और इसी के साथ राज्य के पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है।
परियोजनाओं के लोकार्पण की तैयारी
कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि, प्रदेश में सांस्कृतिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी पूरी हो चुकी हैं। अब इन्हें लोकार्पित करने की तैयारी की जा रही है। परियोजनाओं से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है।











