रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘सेवा से संकल्प अभियान’ पर आयोजित एक सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत दुनिया के 100 से ज्यादा देशों को रक्षा उपकरण निर्यात कर रहा है। आज सिस्टम में बदलाव और गुड गवर्नेंस के उदाहरण रक्षा क्षेत्र में देखे जा सकते हैं। 2014 की तुलना में रक्षा निर्यात में 56 गुना वृद्धि हुई है। रक्षा उपकरणों के उत्पादन में 4 गुना वृद्धि हुई है और यह लगभग 1.80 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गया है।
‘सेवा से संकल्प अभियान’
‘सेवा से संकल्प अभियान’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सरकार के प्रमुख के रूप में उनके 25 साल पूरे होने के अवसर पर चलाया जा रहा है। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि, 2014 से पहले भी भारत के पास मैनपॉवर और ब्रैन पावर दोनों थे, लेकिन अच्छे नेतृत्व की कमी थी। जिसके कारण यह शक्ति अपनी पूरी क्षमता पर काम नहीं कर रही थी। लेकिन अब पीएम मोदी ने इन दोनों शक्तियों को पूरी क्षमता से काम करने के लिए एक इकोसिस्टम दिया है।
सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे
इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस इसलिए खास है, क्योंकि पीएम मोदी के जन्मदिन के बीस दिन बाद, यानी 7 अक्टूबर को वे सरकार के प्रमुख के रूप में 25 साल पूरे करेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी सेवा यात्रा को 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि जब UPI की शुरुआत की गई तो बहुत लोगों को लग रहा था कि यह पहल सफल नहीं होगी। पिछले महीने ही UPI को 10 साल पूरे हुए हैं। सिर्फ अगस्त महीने में यूपीआई से 23.66 अरब लेनदेन हुए, जिनकी कीमत 29.88 लाख करोड़ रुपए रही। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।











