गुजरात के गांधीनगर में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पौधारोपण कर पूरे देश को संदेश दिया है। अमित शाह ने गांधीनगर में‘ सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही अमित शाह ने विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास कर विकास की सौगात दी।
हरा-भरा वातावरण बनाने पर फोकस
अमित शाह ने इस अवसर पर कहा कि गांधीनगर में एक करोड़ पेड़ लगाने का काम यहाँ की जनता ने किया है। इसके अलावा अहमदाबाद शहर में पचास लाख पेड़ लगाए गए हैं। अमित शाह ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य हरा-भरा वातावरण, स्वच्छ हवा है।
अभियान बना आंदोलन
कार्यक्रम में अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक आह्वान किया है-‘एक पेड़ मां के नाम’ जो देखते ही देखते एक आंदोलन बन गया। बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ लगाने के इस अभियान का उद्देश्य शहर कुदरती रूप से हराभरा बनाना है।
22 विकास कार्यों का लोकार्पण
अमित शाह ने कहा कि गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 20 प्रतिशत हरियाली बढ़ाने का काम हमें मिलकर करना है। साथ ही यहां 22 विकास कार्यों का लोकार्पण और सात का भूमिपूजन हुआ है। इन विकास कार्यों से शहर के विकास को नए पंख लगेंगे। एएमटीएस और बीआरटीएस की 325 नई बसें कार्बन का उत्सर्जन घटाने का काम करेंगी और आज जिन बसों का लोकार्पण हुआ, उसके बाद अहमदाबाद की एक भी बस ऐसी नहीं होगी जो प्रदूषण उत्पन्न करती हो।











