तीन देशों की यात्रा के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ऑस्ट्रेलिया दौरा काफी अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया में एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर सालाना लीडर्स समिट में भाग लेंगे जो 8 से 10 जुलाई तक मेलबर्न में आयोजित हो रहा है। अपनी इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी द्विपक्षीय वार्ता करेंगे, ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से पीएम मोदी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा इंडिया-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के बीच व्यापार, रक्षा, सुरक्षा और नई तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग में मजबूती लाएगा।
भारत एक अहम आर्थिक साझेदार
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत को एक महत्वपूर्ण आर्थिक साझेदार बताया है। उनका कहना है कि यह साझेदारी भारत-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए जरूरी है। उन्होंने व्यापार, सुरक्षा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बढ़ते सहयोग को दोनों देशों के लिए लाभकारी बताया।
भारतीय समुदाय को करेंगे संबोधित
प्रधानमंत्री मोदी की 10 सालों में यह तीसरी ऑस्ट्रेलिया यात्रा है, जो पिछले एक दशक में भारत और ऑस्ट्रेलिया के संबंधों में रणनीतिक मजबूती का स्पष्ट प्रमाण है। अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी मेलबर्न में भारतीय समुदाय के एक विशाल जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। भारतीय समुदाय में भी पीएम मोदी की इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह है।











