दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के 98वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की। इस दौरान शिवराज चौहान ने 150 से ज़्यादा कर्मचारियों को पहली बार नियमित नियुक्ति पत्र सौंपे। जिसके बाद विकसित भारत 2047 के लिए विकसित कृषि और समृद्ध किसान का रोडमैप सबके सामने रखा।
150 से अधिक कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ICAR के 150 से अधिक कर्मचारियों को पहली बार स्थायी नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि आज इन कर्मचारियों को उनका हक मिला है। जिससे पूरे ICAR परिवार ने उनके साथ खुशी और भावनात्मक जुड़ाव महसूस किया। उन्होंने सभी नए नियमित कर्मचारियों को बधाई दी और इसे ICAR परिवार की बड़ी उपलब्धि बताया।
प्रमुख कृषि वैज्ञानिकों को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने प्रमुख कृषि वैज्ञानिकों को याद किया। उन्होंने कहा की इन्ही की मेहनत ने आज की मजबूत कृषि नींव तैयार की है। साथ ही केन्द्रीय मंत्री ने कहा की “किसान अगर किसी की आत्मा हैं तो वैज्ञानिक मस्तिष्क, और जब सरकारी नीति, किसानों का पसीना और वैज्ञानिकों का टैलेंट मिलकर काम करते हैं, तभी खेतों में चमत्कार होते हैं”।
क्वालिटी पर दें ज़ोर
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने खाद्यान्न, बागवानी, दूध और मछली उत्पादन में हुई तेज़ बढ़ोतरी पर खुशी जाहिर की। केन्द्रीय मंत्री ने ज़ोर देकर कहा कि अब समय सिर्फ मात्रा बढ़ाने का नहीं, बल्कि “क्वालिटी ओवर क्वांटिटी” का है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए–नए बाज़ार और व्यापारिक समझौते कृषि उत्पादों के लिए अवसर खोल रहे हैं। इसलिए उत्पादन को उच्च गुणवत्ता वाला और सेहत के लिए हितकारी बनाना ज़रूरी है।











