केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केन्द्रीय मंत्री ने दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम पर आधारित मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन की खास बात है कि स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और भारत के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े अन्य प्रमुख व्यक्तित्वों के जीवन, उनके विचारों और योगदान को दर्शाती है।
देशभक्ति से प्रेरित करने में सहायक
केन्द्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने इस अवसर पर कहा कि “इस पहल से मेट्रो यात्रियों को बलिदानों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। इस ट्रेन में देश के स्वतंत्रता संग्राम और उसके राष्ट्रीय नायकों की ओर से किए गए बलिदानों के बारे में बताया गया है। बता दें कि सरकार की यह पहल युवा पीढ़ी को भारत के इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय से परिचित कराने और राष्ट्र के लिए लड़ने वालों के साहस और देशभक्ति से प्रेरित करने में भी सहायक होगी।
सर्वोच्च बलिदान देने वालों को श्रद्धांजलि
इस अवसर पर, शिवराज चौहान ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वालों को श्रद्धांजलि के रूप में मेट्रो ट्रेन पर देशभक्तिपूर्ण शब्द, “शहीदों की चिताओं पर, लगेंगे हर बरस मेले” भी लिखा।
आने वाली पीढ़ियां होंगी प्रेरित
केन्द्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने कहा कि आने वाली पीढ़ियां इस ट्रेन के जरिए भारत के शहीदों और क्रांतिकारियों के बलिदान और योगदान से प्रेरित होती रहेंगी। उन्होंने इस पहल की जमकर सराहना की। इस मौके पर शिवराज चौहान ने प्रभात प्रकाशन, दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक और पूरी मेट्रो टीम को भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरक कहानियों को जनता तक पहुंचाने के प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।











