फतेहगढ़ साहिब से ‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ के दूसरे चरण की शुरुआत, सीएम रेखा गुप्ता ने कहा-“नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फतेहगढ़ साहिब की पवित्र भूमि से 'नशा-मुक्त पंजाब यात्रा' के दूसरे चरण की शुरुआत की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फतेहगढ़ साहिब की पवित्र भूमि से ‘नशा-मुक्त पंजाब यात्रा’ के दूसरे चरण की शुरुआत की। इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि “जिन लोगों ने अपने राजनीतिक हितों को साधने के लिए पंजाब को नशे की आग में झोंका है, उन्होंने एक पूरी पीढ़ी के सपनों के साथ खिलवाड़ किया है। नशे का यह जाल अपने आप नहीं फैला। इसे एक भ्रष्ट व्यवस्था, राजनीतिक संरक्षण और सत्ता में बैठे लोगों की चुप्पी ने पनपाया है।”

ड्रग नेटवर्क की जड़ों पर प्रहार
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “बीजेपी ने पंजाब की जनता के साथ मिलकर इस ड्रग नेटवर्क की जड़ों पर प्रहार करने का संकल्प लिया है। हम ड्रग तस्करों और उन्हें बचाने वाली व्यवस्था के खिलाफ जनता की ताकत को एकजुट करेंगे, और नशा खत्म करने का संकल्प पंजाब के हर परिवार तक पहुंचाएंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पठानकोट से पहली यात्रा का शुभारंभ किया है। चार बड़े अभियानों के माध्यम से, यह लड़ाई पंजाब के हर कोने तक पहुंचेगी और नशे के खिलाफ जन-जागरूकता को एक व्यापक जन-आंदोलन में बदल देगी।”

नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि, “पंजाब में नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू हो गई है। जिस व्यवस्था ने पंजाब के युवाओं की ज़िंदगी बर्बाद कर दी है, उसे जड़ से खत्म करना होगा। केजरीवाल और भगवंत मान की सरकार, जो नशे को बढ़ावा देती है और नशीले पदार्थों के नेटवर्क को पालती-पोसती है, उसे उखाड़ फेंकना होगा। आज फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर, हमने एक जनसभा में पंजाब को नशा-मुक्त बनाने का संकल्प लिया।”

सीएम की लोगों से अपील
सीएम रेखा गुप्ता ने पंजाब के लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी से डरने की ज़रूरत नहीं है। हमारा हर कार्यकर्ता नशा-मुक्त पंजाब के मिशन में जुटा हुआ है। आइए हम सब मिलकर इस बार नशे पर आखिरी प्रहार करें। इस मौके पर पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों , बीजेपी के प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल, समेत कई बीजेपी नेता मौजूद रहे।

संबंधित खबरें

स्टेट न्यूज़

टॉप स्टोरीज़