ऊधमसिंह नगर के खटीमा में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। इस दौरान सीएम धामी ने छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं और आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत की। बच्चों को पौष्टिक भोजन खिलाने के साथ-साथ, शिशुओं के अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्मों में भी हिस्सा लिया।
लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट बांटी
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट बांटी। सीएम धामी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि, “हमारा संकल्प है कि उत्तराखण्ड का हर नौनिहाल स्वस्थ और सुपोषित हो और हर मां को गर्भावस्था से लेकर मातृत्व तक आवश्यक पोषण और सहयोग मिले।”
स्वस्थ और सशक्त उत्तराखण्ड की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि “इसी दिशा में हमारी सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं को पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे रही है। स्वस्थ नौनिहाल और सशक्त मातृशक्ति ही स्वस्थ एवं सशक्त उत्तराखण्ड की मजबूत नींव हैं।”











