केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर बंगाल के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान अमित शाह ने भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। सिलीगुड़ी स्थित राज्य के मिनी सचिवालय ‘उत्तरकन्या’ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में सीमा सुरक्षा, अवैध घुसपैठ, तस्करी, सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बीएसएफ जवानों से की बातचीत
बता दें कि केंद्र में बीजेपी सरकार के गठन के बाद पहली बार अमित शाह उत्तर बंगाल के दौरे पर पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने BSF के अधिकारियों के साथ प्रारंभिक समीक्षा की। वहीं डाबग्राम-फूलबाड़ी क्षेत्र से सटी भारत-बांग्लादेश सीमा का भी अमित शाह ने दौरा किया। उन्होंने सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों से बातचीत की। सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात
गृह मंत्री अमित शाह ने बीएसएफ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया। इसके बाद उत्तरकन्या में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में सीमा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। सिलीगुड़ी कॉरिडोर की सुरक्षा पर बैठक में गंभीरता से चर्चा की गई। गौरतलब है कि यह कॉरिडोर भारत के पूर्वोत्तर राज्यों को देश के शेष हिस्से से जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख स्थलीय संपर्क मार्ग है, इसलिए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है।











