उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने पशुपालन, गन्ना विकास और चीनी उद्योग विभाग में चयनित 101 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। जिसके बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं दी।
पारदर्शी भर्ती व्यवस्था
इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करना युवाओं के परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। सीएम ने कहा कि राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा रही है। इस पारदर्शी भर्ती व्यवस्था से युवाओं का भरोसा बढ़ा है। युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर अवसर प्रदान करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सरकारी नौकरी पाने में सफल युवा
सीएम धामी ने कहा कि, “आज सरकारी नौकरियां सिफारिश या पहचान से नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत और प्रतिभा के आधार पर मिल रही हैं। पिछले पांच सालों में 34 हजार से ज्यादा युवा सरकारी नौकरी पाने में सफल रहे हैं। युवाओं को पारदर्शी भर्ती व्यवस्था प्रदान की जा रही है। इससे युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर अवसर मिल रहे है वहीं नकल माफियाओं पर सख्ती से शिकंजा कसा जा रहा है।












