असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य में बांग्लादेश से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने की जानकारी पोस्ट शेयर कर दी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों ने भारत में कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से प्रवेश करने की कोशिश कर रहे 22 लोगों को रोक दिया। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि सुरक्षा बलों ने 22 लोगों की पहचान
की और उन्हें सीमा रेखा पर ही भारत में प्रवेश करने से रोक दिया।
सीएम ने पोस्ट कर दी जानकारी
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की। पोस्ट में सीएम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्क सुरक्षा बलों ने 22 लोगों की पहचान की, जो कथित तौर पर गैर-कानूनी तरीके से भारत में घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी को बॉर्डर लाइन पर ही रोक दिया गया। मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, “असम दी गली विच नो एंट्री।” उन्होंने घुसपैठ की कोशिशों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसी सभी कोशिशों का यही हश्र होगा।
भारत-बांग्लादेश सीमा
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पकड़े गए 22 लोग किस देश के नागरिक थे और उन्हें असम के किस स्थान पर भारत में प्रवेश करने से रोका गया। बता दें कि, असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सालमारा-मानकाचर जिलों से बांग्लादेश की अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती है। इन जिलों में भारत-बांग्लादेश सीमा की कुल लंबाई करीब 267.5 किलोमीटर है।












