उत्तराखंड के रुड़की के गणेशपुर क्षेत्र में मकानों और दुकानों में लगातार बढ़ रही दरारें अब लोगों की चिंता का सबब बन गई है। लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जिसकी सूचना कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को मिली तो वे तुरंत प्रभावित क्षेत्र पहुँच गए और क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री ने दरारों से प्रभावित मकानों और दुकानों का जायज लिया। वहाँ मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रभावित परिवारों को
हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
प्रभावित क्षेत्र का जायजा
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा को स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में सड़क से लेकर कई मकानों तक यह दरारें बढ़ती जा रही हैं। कई घरों की दीवारों, छत और फर्श में दरारें आने से डर का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ परिवारों को अपने मकान खाली कर दूसरी जगह रहने पर मजबूर होना पड़ रहा है। जो मकान हाल ही में बने हैं उनमें भी दरारें आने की शिकायत सामने आई है। मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रभावित क्षेत्र में घूमकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
दरारों के कारणों की जांच के निर्देश
मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रभावित मकानों की स्थिति का तकनीकी परीक्षण कराने और दरारों के कारणों की जांच के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के निरीक्षण के बाद प्रभावित परिवारों को जल्द कार्रवाई की उम्मीद जगी है।











