दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने युवा खिलाड़ियों को बड़ी सौगात दी है। दिल्ली कैबिनेट ने मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन योजना के तहत अब खिलाड़ियों को हर महीने 2000 रुपये की मदद देने को मंजूरी दे दी है। जिसके तहत स्पोर्ट्स सेंटर्स और स्टेडियम में रेगुलर ट्रेनिंग करने वाले अंडर-14, अंडर-17, अंडर-19 और अंडर-21 कैटेगरी के योग्य खिलाड़ियों को अब हर महीने 2,000 दिए जाएंगे।
प्रैक्टिस जारी रखने में मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का मकसद है कि खिलाड़ियों को अपनी प्रैक्टिस जारी रखने में सहायता मिल सके। युवा खिलाड़ियों को प्रैक्टिस के दौरान अक्सर न्यूट्रिशन, लोकल ट्रैवल, खेल के ज़रूरी सामान और मेडिकल ज़रूरतों से जुड़े खर्च उठाने पड़ते हैं। ऐसे में हर महीने मिलने वाली इस मदद से खिलाड़ियों को ट्रेनिंग जारी रखने में आसानी होगी। जो भी युवा आर्थिक तंगी के कारण अपनी प्रैक्टिस सुचारु नहीं कर पाते थे उन्हें इस मदद से अपनी प्रैक्टिस जारी रखने में सहायता मिलेगी।
रेगुलर ट्रेनिंग ले रहे खिलाड़ियों की मदद
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि दिल्ली के युवा स्पोर्ट्स टैलेंट को वह सपोर्ट और मौके मिलें, जिनके वे हकदार हैं। हर सरकारी स्पोर्ट्स सेंटर या स्टेडियम में रेगुलर तौर पर ट्रेनिंग ले रहे खिलाड़ियों में से 25 प्रतिशत तक को यह मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि आम तौर पर, किसी एक सेंटर या स्टेडियम में ज़्यादा से ज़्यादा 100 खिलाड़ियों को इसमें शामिल किया जाएगा। हालांकि ज़्यादा खिलाड़ियों वाले बड़े सेंटरों में बजट की उपलब्धता के आधार पर यह संख्या बढ़ाकर 150 खिलाड़ियों तक की जा सकती है।












