दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रऋषि नानाजी देशमुख की जयंती पर 13वें ‘नानाजी मेमोरियल लेक्चर’ में शिरकत की। यह कार्यक्रम दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में सीएम रेखा गुप्ता ने ‘गाँव की आत्मनिर्भरता से विकसित भारत: नानाजी का समग्र ग्राम विकास का विज़न’ विषय पर अपने विचार साझा किए।
सामाजिक परिवर्तन का प्रेरणादायक उदाहरण
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “नानाजी देशमुख का संपूर्ण जीवन राष्ट्र-निर्माण, सेवा, समर्पण और सामाजिक परिवर्तन का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। अपने कार्यों के माध्यम से एकात्म मानववाद के दर्शन और अंत्योदय के सिद्धांत को अपनाकर, उन्होंने गाँव की आत्मनिर्भरता, सामाजिक समरसता और गाँव के उत्थान से लेकर राष्ट्रीय जागरण तक की यात्रा का मार्ग प्रशस्त किया।”
विकसित भारत का संकल्प
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “नानाजी के विचार हमें सिखाते हैं कि आत्मनिर्भर गाँव, जागरूक समाज और संगठित जन-शक्ति ही एक सशक्त राष्ट्र की नींव हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, विकसित भारत का संकल्प इस स्वदेशी विज़न, अंत्योदय की भावना और ‘राष्ट्र प्रथम’ के आदर्श को आगे बढ़ा रहा है।” इस अवसर पर दीनदयाल शोध संस्थान के अध्यक्ष डॉ. पूर्णेंदु सक्सेना, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. एम. एल. जाट, दीनदयाल शोध संस्थान के प्रधान सचिव निखिल मुंधे भी मौजूद रहे।












