दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली महिला आयोग की ओर से आयोजित ‘वर्कर न्यूट्रिशन डायलॉग’ में शिरकत की। इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने महिला श्रमिकों के साथ विस्तार से बातचीत की। वहीं मुख्यमंत्री ने महिला श्रमिकों को पोषण किट भी वितरित की।
सुविधाओं से जीवन बना रहे आसान
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि, “दिल्ली के निर्माण में हमारी महिला श्रमिकों की कड़ी मेहनत, सेवा भाव और समर्पण अमूल्य है। हमारी सरकार क्रेच (बच्चों की देखभाल केंद्र), अटल कैंटीन, दिल्ली लक्ष्मी योजना और पिंक सहेली कार्ड जैसी सुविधाओं के माध्यम से उनके जीवन को आसान बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। हमारी सरकार उनकी तरक्की और उनके परिवारों की भलाई के लिए हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।”
आयोजन के लिए दी बधाई
मुख्यमंत्री ने इस सार्थक आयोजन के लिए दिल्ली महिला आयोग को हार्दिक बधाई दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर राहटकर, दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ताऔर महिला आयोग के सभी सदस्य मौजूद रहे।












